विंढमगंज। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में पीड़ित को पैर से ठोकर मारने वाले पीआरवी के कांस्टेबल अभिषेक कुमार को एसपी अभिषेक वर्मा ने निलंबित कर दिया है। वहीं, सीओ राजेश कुमार राय को मामले की जांच सौँपी गई है।
जोरूखांड़ निवासी रामधनी का चाचा रमेश यादव से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी मसले पर शुक्रवार को रामधनी चाचा रमेश के घर पहुंचा और उनके गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर घायल कर दिया। परिवार के लोगों ने 112 नंबर पर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे पीआरवी कर्मियों ने घायल को अस्पताल चलने को कहा। इस पर पोते ने एंबुलेंस बुलाने की बात कही। वहीं, घायल पुलिस कर्मियों के पांव पकड़कर बचाने की गुहार लगाने लगा। पोते ने इसका वीडियो बनाना शुरू किया तो कांस्टेबल उग्र हो गया और पीड़ित को पैर से ठोकर मार दी। इसका वीडियो वायरल होने पर एसपी ने कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
वर्जन -
पुलिसकर्मी का कार्य अशोभनीय है। एसपी ने उसे निलंबित करने की साथ ही विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, चाचा पर हमला करने के आरोपी को विंढमगंज पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। - राजेश कुमार राय, सीओ दुद्धी