जिले के 126 गांवों की जर्जर सड़कों के दिन बहुरने वाले हैं। सड़कों की मरम्मत एवं नवीनीकरण पर 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन से बजट मिलने के बाद कार्यदाई संस्था की तरफ से टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही संपर्क मार्गों की मरम्मत कार्य शुरू हो जाएगा।
सोनांचल के ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की हालत खराब है। सड़कों की मरम्मत के लिए ग्रामीण लगातार उच्चाधिकारियों से मांग करते रहे हैं, मगर आश्वासन ही मिलता रहा। अब इन सड़कों को दुरुस्त करने की कवायद शुरू की गई है।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड अंतर्गत विकास खंड बभनी, दुद्धी और म्योरपुर की जर्जर हो चुकी 126 सड़कों को नवीनीकरण के लिए चिह्नित किया गया है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो इन सड़कों की मरम्मत पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन सड़कों की मरम्मत होने से तीनों ब्लॉक के करीब तीन लाख से अधिक की आबादी को आवागमन में सहूलियत होगी। अवर अभियंता जितेंद्र तिवारी का कहना है कि टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही सड़कों का नवीनीकरण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
इन मार्गों पर होगा काम
विंढमगंज रेलवे स्टेशन मार्ग, दुद्धी रेलवे स्टेशन से दुम्हान संपर्क मार्ग, रणहोर प्राथमिक विद्यालय से हरिजन बस्ती मार्ग, कुदरी संपर्क मार्ग से पिपरहवा टोला मार्ग, बरखोहरा मार्ग, सतबहनी, डूभा गांव में संपर्क मार्ग के साथ ही 126 ग्रामीण मार्गों का नवीनीकरण एवं मरम्मत कार्य कराया जाना है। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की तरफ से टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही सड़कों का मरम्मत कार्य कराया जाएगा।