राबर्ट्सगंज कचहरी में सोमवार को विरोध प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
चंदौली में गोली मारकर अधिवक्ता पिता-पुत्र की हत्या के विरोध में वकीलों ने राबर्ट्सगंज कचहरी में सोमवार को प्रदर्शन किया। वकीलों ने हत वकील के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके पूर्व वकीलों ने सोनभद्र बार एसोसिएशन सभागार में बैठक कर दो मिनट का मौन रखकर शोक संवेदना व्यक्त की।
सोनभद्र बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रभु नारायण पांडेय ने कहा कि चंदौली जिले में अधिवक्ता और उनके पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आए दिन अधिवक्ताओं के ऊपर और उनके परिवार के ऊपर हमले हो रहे हैं। इससे अधिवक्ता समाज अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी के साथ ही उनकी सुरक्षा हो और 25 लाख रुपये मुआवजा दिलाया जाए। कहा कि हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, अन्यथा अब अधिवक्ता समाज चूप बैठने वाला नहीं है। इसके लिए चाहे जितना बड़ा संघर्ष क्यों न करना पड़े किया जाएगा।
इस अवसर पर सोनभद्र बार एसोसिएशन की ओर से चंदौली जिला प्रशासन के अलावा उच्चाधिकारियों को पत्रक भेजकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई गई। बैठक की अध्यक्षता एसबीए अध्यक्ष प्रभु नारायण पांडेय एवं संचालन महामंत्री श्रीनिवास मिश्र ने की। विरोध-प्रदर्शन करने वालों में अधिवक्ता ज्ञानेंद्र शरण राय, पंकज यादव, सत्यारमण त्रिपाठी, ज्वाला प्रसाद, आरएस चौधरी, आलमगीर, राजीव कुमार गौतम, अखिलेश मिश्र, पूनम सिंह, रणछोर प्रसाद पांडेय, रमेश प्रसाद चौबे, दिनेश धर दुबे आदि मौजूद रहे।