जिले के ऊर्जांचल जोन के 17 माध्यमिक विद्यालयों की क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को शानदार आगाज हुआ। जनता इंटर कालेज परासी के खेल मैदान पर मुख्य अतिथि
जिला विद्यालय निरीक्षक शिवलाल ने खेल ध्वज फहराकर, सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर समारोह के उद्घाटन की घोषणा की। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने खुलकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मेजबान विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागतगान, समूह नृत्य और युगल नृत्य से मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बैंडबाजे के साथ आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी डीआईओएस ने लिया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रतिभागी ऊंचा लक्ष्य रखकर प्रतिभाग करें। उन्हें अंगवस्त्रम एवं बैज अलंकरण से प्रबंध समितिकी ओर से सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण प्रबंध समिति के संरक्षक रामजी चतुर्वेदी ने दिया।
जिला क्रीड़ा सचिव डा. विजेेंद्र सिंह, कालेज प्रबंधक सुशील कुमार चौबे ने खेल को खेल भावनाओं से खेलने के लिए प्रतिभागियों का आह्वान किया। आभार प्रदर्शन प्रधानाचार्य दिनेश कुमार श्रीवास्तव और संचालन भोलानाथ मिश्रा ने किया।
खेल प्रतियोगिताओं के सीनियर वर्ग आठ सौ मीटर दौड़ बालक वर्ग में मोतीरानी देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरसिया केकराही के मनोज यादव और बालिका वर्ग में राजकीय कन्या इंटर कालेज राबर्ट्सगंज की अपशान प्रथम रहीं।
गोला प्रक्षेप में मेजबान विद्यालय के मुर्शीद जमाल प्रथम, बालिका वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कालेज की स्वाती प्रथम रही। लंबी कूद में प्रकाश जीनियस के शशांक देव पांडेय प्रथम, जूनियर वर्ग गोला प्रक्षेप में महात्मा गांधी गौतम बुद्ध के उदित नारायण प्रथम रहे।
लंबी दौड़ में जनता इंटर कालेज के विश्वजीत प्रथम, बालिका वर्ग आठ सौ मीटर दौड़ में जय ज्योति इंटर कालेज चुर्क की रितिशा प्रथम रहीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमाें में मेजबान विद्यालय एकांकी और भजन में प्रथम रहा। इस मौके पर उमाकांत मिश्रा, गिरिजेश चौबे, उषा सिह, रामलाल, डा. विजेेंद्र सिंह, डा. ओमप्रकाश त्रिपाठी, अबुलैस अहमद सिद्दीकी आदि रहे।