फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा छठ महापर्व, व्रतियों ने पूरी की तैयारी

विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज अकड़हवा पोखरा पर छठ पूजन के लिए वेदी बनाती महिलाएं। संवाद
विज्ञापन
सोनभद्र/बभनी। छठ का चार दिवसीय महापर्व शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। लोक आस्था के पर्व को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई के साथ पूजन सामग्री और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी पूरी कर ली है। छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय होने लगा है। पर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती स्नान कर स्वच्छता के साथ पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखकर शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। आचार्य पं. वेद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय व्रत का समापन करेंगी। इस दौरान व्रती परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना करेंगी। छठ पर्व को लेकर बभनी बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में फलों, पूजन सामग्री, सूप और दउरा की दुकानें सज गई हैं। खरीदारी बढ़ने से बाजारों में रौनक है। श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह है। छठ पूजा को लेकर रॉबर्ट्सगंज नगर के सरोवरों और तालाबों के घाटों पर पूजन वेदी बनाने का काम अंतिम दौर में पहुंच गया है। व्रती महिलाएं अपनी सुविधा और परंपरा के अनुसार वेदी बनाकर पूजन के लिए स्थान सुरक्षित कर रही हैं। नगर के रामसरोवर तालाब, मेहुड़ी नहर और अकड़हवा पोखरा समेत अन्य पूजा स्थलों पर वेदी बनाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। श्रद्धालु महिलाएं घाटों पर पहुंचकर वेदियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। छठ महापर्व को लेकर घाटों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल भी बढ़ने लगी है। वेदी बनाने के साथ ही पूजन स्थलों को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि व्रती महिलाओं को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना करने में परेशानी न हो। व्रती महिलाओं और उनके परिजनों में पर्व को लेकर खासा उत्साह है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें