सोनभद्र। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में विंढमगंज मार्ग पर अनियंत्रित कार खाई में गिरने से चालक की और दूसरी घटना में जोरूखाड़ गांव के पास खड़े ट्रैक्टर से टकराकर बाइकसवार की मौत हो गई। बाइकसवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।
कोन थाना क्षेत्र के कोन-विंढमगंज मार्ग पर मंगलवार की रात में नेरूइयादामर पुलिया के पास कार खाई में जा गिरी। इससे कार चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। गंभीर रूप से घायल चालक अनिवेश चौबे (26) पुत्र नंदगोपाल चौबे निवासी ग्राम बैलिया थाना ढुरकी झारखंड को इलाज के लिए परिजन झारखंड ले गये जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं घायल उमेश व एक अज्ञात सभी निवासी ढुरकी झारखंड की स्थिति में सुधार बताया गया।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दुद्धी से चेरवाडीह गाड़ी मालिक को लेने के लिए चालक आ रहा था। रात में करीब 10 बजे कार खाई में गिर गई। इससे चालक अनिवेश चौबे की मौत हो गयी । शेष दोनों घायलों की स्थिति ठीक है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है। कार को कब्जे में ले लिया गया है।
दूसरी घटना में विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव के पास मंगलवार की रात एक खड़ी ट्रैक्टर से बाइक पीछे से टकरा गई। इससे बाइक सवार इंद्रदेव (46) पुत्र रामदास निवासी कोलीनडूबा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में ले गए जहां चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंद्रदेव के पुत्र इंदु कुमार ने बताया कि उसके पिता घर से मंगलवार की शाम मोटरसाइकिल से महुली में जल निगम में चल रहे पाइप लाइन में काम करने के लिए ठेकेदार से बात करने गए थे। वापस आते समय जोरूखाड़ ग्राम पंचायत में रांची रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ी ट्रैक्टर में टकरा गए। इससे उनकी हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर वह परिवार समेत मौके पर पहुंचा। पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई थी। इंद्रदेव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर सुनते ही परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष बृजमोहन सरोज ने बताया कि घटना में मृत इंद्रदेव के शव का पंचनामा कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं ट्रैक्टर को विंढमगंज थाने पर खड़ा करा दिया गया है। तहरीर के हिसाब से विधिक कार्रवाई की जा रही है।