ओबरा। ओबरा तापीय परियोजना कॉलोनी के सेक्टर-1 स्थित आवासीय परिसर में शनिवार को सफाई के दौरान एक आवास के पीछे की चहारदीवारी ढह गई। इसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहा सफाई कर्मी की मौत हो गई।
ओबरा परियोजना कॉलोनी अनुरक्षण खंड के सहायक अभियंता राम गोविन्द मौर्या ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 11 बजे तापीय परियोजना कालोनी के आवास संख्या 1 एई 13 में नाली सफ़ाई का काम चल रहा था। इसमें परियोजना में संविदा का काम कर रहे चार मजदूर आवास के पीछे सफाई कर रहे थे। कार्य के दौरान आवास के पीछे की जर्जर हो चुकी चहारदीवारी गिरने से सफाईकर्मी अक्षय पुत्र प्रभु दबकर गंभीर रूप घायल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ घायल अक्षय के सिर और सीने पर गंभीर चोट आयी हैं। घटना के बाद साथी कर्मियों ने घायल अक्षय को परियोजना अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।