सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नौडिहा में शनिवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। खेत की जोताई के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर किसान के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
नौडिहा गांव निवासी विजय चेरो (40) शनिवार की दोपहर में ट्रैक्टर से अपना खेत जोतवा रहे थे। जोताई के दौरान वह खेत में ही खड़े थे। अचानक चालक ने ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से विजय गंभीर रुप से घायल हो गए। परिजन उन्हें बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। इस बीच मौका पाकर चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। कोन पुलिस मौके पर पहुंच कार्रवाई में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान ने बताया कि ट्रैक्टर से दबकर युवा किसान की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।