सोनभद्र। होली पर्व के मद्देनजर रविवार को चारों राज्यों की सीमाएं 60 घंटे के लिए सील कर दी जाएंगी। नक्सलियों की तलाश में शनिवार को पोखरिया, बसुहारी, मड़पा, चकरिया, रानीडीह समेत अन्य जंगलों में पुलिस ने सघन कांबिंग की। पुलिस अधीक्षक ने समस्त एसपीओ समेत अन्य खुफिया एजेंसियों को 24 घंटे क्षेत्र में अलर्ट रहकर सूचनाएं मुहैया कराने का फरमान जारी किया है। उधर थाना और चौकी प्रभारियों ने अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू कर दिया है।
खुफिया एजेंसियों की मानें तो वर्ष 2001 में जिले से सटे अहरौरा (मिर्जापुर) थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में होली के दिन नक्सलियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ तीन नक्सली मारे गए थे। उसके बाद से नक्सली संगठनों ने होली को शोक दिवस के रूप में मनाना शुरू किया था। वर्तमान में यूपी से नक्सलियों का सफाया हो चुका है। लेकिन जिले से सटे झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में नक्सलियों का आतंक अभी भी जारी है। पड़ोसी राज्यों में होली पर्व पर केंद्रीय पुलिस बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में नक्सली बचने के लिए सीमावर्ती इलाकों में पनाह ले सकते हैं। क्योंकि पूर्व में शरण लेते रहे हैं। इसका इनपुट मिलने के बाद जिले की फोर्स अलर्ट हो गई है।