रंदह गांव में रविवार की देर शाम तालाब में मिले किशोरी के शव की देर रात शिनाख्त हुई। वह छत्तीसगढ़ के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के बिमलापुर की रहने वाली थी और अपने नाना के घर आई थी।
पुलिस ने सोमवार को पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। रंदह गांव में रविवार की देर शाम तालाब में एक किशोरी का शव मिला था। उसकी पहचान त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के बिमलापुर निवासी लोलिया (13) के रूप में हुई।
पिता रामस्वरूप ने बताया कि लोलिया और रीना दोनों बहनें अपने नाना के घर तिरकटवा गांव में आई थीं। बृहस्पतिवार को दोनों बहनों को नाना घर पहुंचाने के लिए निकले थे। रास्ते में पांगन नदी के पास दोनों बहनों को बैठाकर वह कहीं चले गए और रात भर नहीं लौटे।
वहीं से दोनों बहनें भटक गईं। सुबह जब नाना वहां पहुंचे तो दोनों बहनें नहीं मिली। तब से उनकी खोजबीन की जा रही थी। रविवार को छोटी बहन रीना चैनपुर गांव में मिली तो बड़ी बहन लोलिया का शव रंदह गांव में तालाब में उतराया हुआ मिला।
सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि तालाब में डूबने से किशोरी की मौत हुई है। पिता की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।