विधानसभा चुनाव के लिए जिले में आठ मार्च को होने वाले मतदान में बैंक कर्मियों की ड्यूटी लगने से सात और आठ मार्च को बैंकिंग कामकाज ठप रहेगा। कई बैंक शाखाओं में नौ को भी कामकाज प्रभावित रह सकता है। इसको देखते हुए ऊर्जांचल के बैंक शखाओं पर अभी से इसकी नोटिस चस्पा कर दी गई है। इसमें खाताधारकों से छह मार्च को ही बैंक से जुड़े कामकाज को निबटा लेने का अनुरोध किया गया है।
एक तरफ शादी की भागदौड़, दूसरी तरफ चुनावी व्यवस्था, उसमें भी दो दिन तक बैंकिंग कामकाज ठप रहने की खबर ने लोगों को बेचैन कर दिया है। आज शनिवार को एक बजे तक ही बैकिंग कामकाज होगा। रविवार बंदी के बाद सोमवार को अगले तीन दिन तक बैंक से जुड़े कामकाज निबटा लेने का दबाव बना रहेगा। सात को चुनावी ड्यूटी पर जाने के कारण बैकिंग कामकाज बाधित रहेगा। वहीं आठ को मतदान तिथि होने के कारण बंदी है। चुनाव ड्यूटी से थके-हारे आने के बाद कितने कर्मी ड्यूटी करने पहुंचेंगे, इसका दावा फिलहाल बैंक अधिकारी भी नहीं कर पा रहा है। उनका साफ कहना है कि बैंकिंग कामकाज दस मार्च से ही सही ढर्रे पर आ पाएगा। इसको लेकर सबसे ज्यादा दिक्कत ऊर्जांचल में होनी है। क्योंकि औद्योगिक हब होने के कारण यहां हर दिन अरबों का लेन-देन, क्लीयरेंस होता है। ऐसे में रविवार बंदी के बाद महज सोमवार को बैकिंग कामकाज की मिलती सुविधा को देखते हुए जहां बैंक में काफी भीड़ उमडने की उम्मीद है। वहीं जरूरी कामकाज, खासकर बिजनेस और शादी के परिवार वाले लोग इसको लेकर अभी से परेशान हैं। उधर, लीड बैंक अफसर करुणेश कुलश्रेष्ठ ने कहा कि बंदी सिर्फ आठ मार्च को है। चूंकि कर्मियों की चुनावी ड्यूटी लगा दी गई है। इसलिए सात को भी कामकाज बाधित रहेगा।