सोनभद्र। घोरावल कोतवाली से जुड़ी शिवद्वार चौकी के दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए एससी-एसटी कोर्ट में दाखिल प्रार्थनापत्र पर न्यायालय ने अहम निर्णय पारित किया है। सुनवाई के दौरान विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट आबिद शमीम की अदालत ने पाया कि अनुसूचित जाति का लाभ लेने के लिए झूठे बयान के आधार पर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था और एफआईआर का आदेश देने के लिए दाखिल अर्जी खारिज कर दी।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के एक युवक अभिषेक की तरफ से एससी-एसटी कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया था कि शिवद्वार चौकी में तैनात पुलिसकर्मी महेंद्र यादव और संजीव राय ने उसके साथ मारपीट की। उनकी पिटाई से कान का परदा फट गया। इस पर अदालत ने सीओ घोरावल से आख्या तलब की। आख्या में मुर्गा-दारू की पार्टी के दौरान उसकी अन्य दोस्तों से मारपीट होने और इसी सिलसिले में पीड़ित को चौकी आने की जानकारी दी गई। दावा किया गया कि अभिषेक इस कदर नशे की हालत में था कि वह चौकी में ही गिर गया जिससे उसके कान से खून आ गया। किसी ने उसे मारा पीटा नहीं था। अदालत ने पाया कि अगर पीड़ित के कान का पर्दा 30 जुलाई को मारने-पीटने से फट गया था और उसे गंभीर चोट थी तो उसने उसी दिन या उसके दूसरे दिन अपना इलाज कराना चाहिए था लेकिन ऐसा न कर छह दिन बाद की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इलाज में देरी का उचित कारण भी स्पष्ट नहीं किया गया। न्यायालय ने माना कि अनुसूचित जाति का होने के कारण उसका लाभ लेने की नियत से झूठे अभिकथनों के आधार पर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया है।
भाभी के साथ दुष्कर्म के आरोपी को नहीं मिली जमानत
सोनभद्र। दहेज के लिए पति सहित अन्य ससुरालियों की तरफ से किए जा रहे उत्पीड़न का फायदा उठाकर भाभी के साथ दुष्कर्म करने वाले को न्यायालय ने अग्रिम जमानत देने से इंकार कर दिया है। पीडि़ता ने चोपन थाने में इसको लेकर केस दर्ज कराया था। इसमें आरोपी अफरोज शाह निवासी हलिया, थाना हलिया, मिर्जापुर की तरफ से प्रार्थना पत्र दाखिल कर न्यायायल से अग्रिम जमानत की गुहार लगाई गई थी। अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी/सीएडब्लू अर्चना रानी की अदालत ने मामले की सुनवाई की। पाया कि पीड़िता के साथ ही अन्य गवाहों ने अभियोजन कथानक का समर्थन किया है और विवेचना जारी है। इसको दृष्टिगत रखते हुए अर्जी खारिज कर दी गई। संवाद