रेल पटरी परिर्वतन के लिए गुरूवार को शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया। इसके बाद कुछ दिक्कतों के साथ पूरे दिन छोटे बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से गुजारा गया। इसके चलते कुछ जगहों पर जाम की स्थिति रही।
शक्तिनगर रेलवे स्टेशन से एनटीपीसी सिंगरौली का रेल मार्ग शुरू होता है। इस रेल पथ से एनटीपीसी सिंगरौली के साथ विंध्याचल और रिहंद नगर को रेल रैक के जरिए कोयले की आपूर्ति होती है। शक्तिनगर थाने के पास रेल पटरी व स्लीपर पुराने होने के वजह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसी को दुरूस्त करने का काम गुरूवार सुबह शुरू किया गया। सबसे पहले शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग को बंद कर रास्ते को परिवर्तित किया गया। फिर मशीन और मजदूरों के जरिए पुरानी पटरी व स्लीपर को हटाने का कार्य शुरू हुआ। दोपहर तक पुरानी पटरी व स्लीपर को हटा दिया गया। इसके बाद नए स्लीपर के साथ पटरी बिछाने का काम शुरू हुआ। वाहनों को पीडब्ल्यूडी मोड़ से संडे मार्केट के तरफ मोड़ दिया गया। इसी रास्ते से वाहन शक्तिनगर रोडवेज बस पड़ाव के साथ मध्य प्रदेश की तरफ से निकाले गए। नए रास्ते पर वाहनों का दबाव बढ़ने से पीडब्ल्यूडी मोड़, ऊर्जा द्वार और निजी बस पड़ाव के पास दिन में कई बार जाम की स्थिति निर्मित हुई। जिससे लोगांे केे परेशानी भी हुई। एनटीपीसी सिंगरौली के वरिष्ठ प्रबंधक (एमजीआर) श्याम लाल ने बताया कि रोड क्रास पर 26 मीटर पटरी के साथ स्लीपर बदलने का काम देर रात तक पूरा हो जाएगा।