सोनभद्र। सदर तहसील प्रशासन ने बाकीदारों के खिलाफ कार्यवाही तेज कर दी है। मंगलवार को अमीनों और राजस्व निरीक्षकों के साथ नायब तहसीलदार ने केकराही समेत कई गांवों में छापे की कार्रवाई करते हुए छह बकाएदारों को धर दबोचा। हालांक बकाया धनराशि में से कुछ जमा करने पर चार को छोड़ दिया गया। जबकि अभी दो तहसील के हवालात में बंद है।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने सभी तहसीलों के एसडीएम और तहसीलदार को राजस्व के बकाएदारों से बकाया जमा कराने और न देने वालों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसकी मानिटरिंग की जिम्मेदारी एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह को सौंपा है। मंगलवार को सदर एसडीएम के.एस पांडेय के निर्देश पर दलबल के साथ नायब तहसीलदार रवि प्रजापति ने केकराही, मधुपुर, सुकृत समेत कई गांवों में बकाएदारों को पकड़ने के लिए छापेमारी की। नायब तहसीलदार ने बताया कि विभिन्न मदों के करीब 25 लाख के छह बकाएदारों को पकड़ कर तहसील लाया गया। हालांकि चार बकाएदारों ने बकाये की धनराशि में से करीब 50 प्रतिशत जमा करते हुए शेष धनराशि शीघ्र जमा करने का आग्रह किया, इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया। दो बाकीदारों को बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि बाकीदारों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।