सोनभद्र/चुर्क। वन विभाग के एसडीओ विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चुर्क रेंज व रामगढ़ रेंज की संयुक्त टीम ने बिना परमिट गिट्टी परिवहन कर रहे दस ट्रकों को पकड़ा। जांच से बचने के लिए ट्रकों को ग्रामीण मार्ग से ले जाया जा रहा था। सभी वाहनों को रेंज कार्यालय लाकर सीज कर दिया गया है। रामगढ़ रेंजर सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अवैध रूप से वन क्षेत्र से परिवहन करते हुए पकड़े गए सभी ट्रकों को प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय व चुर्क रेंज कार्यालय में खड़ा कराया गया है। मामले की जानकारी देते हुए रेंजर दीपचंद्र सोनकर ने बताया कि जांच में परमिट नहीं मिलने पर 10 ट्रकों को जब्त किया गया है। ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गए हैं। जिन गाड़ियों को जब्त किया गया है, उन पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।