मुलायम सहित दस अपराधियों पर पुलिस ने सूची की तैयार
अंशू हत्याकांड से चर्चा में आया राजन सूची में पहले नंबर पर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। जनपद के टॉप टेन अपराधियों में ओबरा थाना क्षेत्र केचकाड़ी निवासी मुलायम सिंह यादव सहित दस लोगों की सूची तैयार की गई है। इस सूची में अंशू हत्याकांड से चर्चा में आए राजन सिंह पहले नंबर पर है, वहीं ऊर्जांचल में बहुत कम समय में चर्चा में आए सत्यांश मिश्रा को छठें स्थान पर रखा गया है। पुलिस इनमें से कौन जेल में है और कौन जमानत पर है, साथ ही इनसे कौन-कौन से लोग जुड़े हैं, इसकी पूरी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक हत्या, हत्या के प्रयास सहित राबर्ट्सगंज कोतवाली में दर्ज 11 मामलों में वांछित जितेंद्र उर्फ राजन सिंह निवासी बिचपई थाना राबर्ट्सगंज को टाप टेन की सूची में पहले स्थान पर रखा गया है। जितेंद्र इस समय जमानत पर है। कुछ माह पूर्व राजन की संपति को कुर्क करने की कार्रवाई की जा चुकी है। सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद अजय कुमार निवासी गोरारी जेल में है। इसके खिलाफ प्राणघातक हमले समेत अन्य धाराओं में 14 मामले दर्ज हैं। तीसरे नंबर पर मंजूर खां निवासी उरमौरा के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में 20 मामले दर्ज हैं। चौथे नंबर पर विवेक उर्फ बल्लर निवासी बिचपई के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में सात तथा पांचवें नंबर पर अनपरा थाना क्षेत्र के पूर्वी परासी निवासी रामजग सोनी के खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं। सूची में छठें नंबर पर अनपरा थाना क्षेत्र के ही शिवमंदिर रेणुसागर निवासी सत्यांश मिश्रा को रखा गया है। इसे खिलाफ नौ मामले दर्ज हैं। इसी तरह से सातवें नंबर पर आदर्श नगर औड़ी निवासी जीत बहादुर यादव उर्फ मामा के खिलाफ छह और आठवें नंबर पर ओबरा थाना क्षेत्र के चकाड़ी निवासी मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। इनके अलावा नौंवें नंबर पर शक्तिनगर थाना क्षेत्र के काली मंदिर बस स्टैंड निवासी आकाश मिश्रा के खिलाफ 17 और दसवें नंबर पर चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी निवासी बलवंत यादव के खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हैं।
------
वर्जन
अपराध पर नियंत्रण रहे, इसके लिए जिले के टॉप टेन अपराधियों की गतिविधि पर नजर रखवाई जा रही है। थाने स्तर से भी टॉप टेन अपराधियों की सूची मांगी गई है। सभी थानाध्यक्षों को आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्ती बरतने और उनसे जुड़े लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। - आशीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र।