जुगैल थाना क्षेत्र के जुगैल गांव में शनिवार को संदिग्ध हाल में दस वर्षीय रानी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव निकलवाया। थानाध्यक्ष ने शव का पंचनामा कराकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया।
पुलिस के अनुसार शनिवार को जुगैल थाना क्षेत्र के जुगैल गांव निवासी रामललित अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ काम करने के लिए खेत में गए थे। शाम करीब पांच बजे काम कर सभी लोग घर पहुंचे। रामललित अपनी बेटी रानी को घर में न देख घबरा गए और उसकी तलाश करने लगेञ मकान से करीब सौ मीटर दूरी पर स्थित तालाब के किनारे रानी का चप्पल, बाल्टी आदि देख खोजबीन करने में जुट गए। इस दौरान किसी ने पुलिस को बच्ची के गायब होने की सूचना दे दी। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से शव को निकलवाया गया। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। कहा कि जांच में प्रथम दृष्टया पता चला कि बालिका स्नान करने तालाब पर गई थी और वह गहरे पानी में समा गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट पता चल पाएगा।