शाहगंज। थाना क्षेत्र के खजुरी खुर्द गांव में एक किशोरी ने बृहस्पतिवार की दोपहर में तालाब में कूदकर जान दे दी। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। तालाब में कूदने से पहले वह कुछ देर तक किनारे बैठकर रोती रही।
पुलिस के मुताबिक शाहगंज बाजार निवासी गोपाल चौबे का मकान शाहगंज के साथ सोहदवल गांव में भी है। इनकी पुत्री नंदनी (15) गांव में ही रहती थी। बृहस्पतिवार की सुबह शाहगंज स्थित मकान पर आई थी। दोपहर करीब 12 बजे नंदनी घर से किताब लेने के लिए निकली, लेकिन वह किताब न लेकर घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर खजुरी खुर्द गांव स्थित तालाब पहुंच गई। तालाब के दूसरे भींटे पर कुछ देर बैठकर रोती रही। इसके बाद तालाब में छलांग लगा दी। यह देख तालाब के दूसरे भीटे पर घर बनाकर रह रहे लोगों ने शोर मचाते हुए ग्रामीणों को बुलाया। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। जब तक आस पास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचकर नंदनी को बाहर निकालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पिता गोपाल के मुताबिक किशोरी दो साल से मानसिक रूप से बीमार थी, उसका उपचार भी कराया जा रहा था। थाना प्रभारी संजय पाल ने बताया कि किशोरी के शव को तालाब से निकलवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।