सोनभद्र। जिले में बृहस्पतिवार से क्रय केंद्रों पर गेहूं लेकर किसान पहुंचने लगे हैं। राबर्ट्सगंज स्थित हाट शाखा पर गेहूं खरीद की बोहनी हुई। यहां ट्रैक्टर ट्राली पर गेहूं लेकर सिर्फ एक किसान पहुंचे थे। राबर्ट्सगंज के अलावा मधुपुर और घोरावल स्थित एक-एक क्रय केंद्र पर गेहूं की खरीद की गई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी के मुताबिक अब तक तीन किसानों से करीब 113 क्विंट गेहूं की खरीद की गई है। बताया कि मौसम सामान्य होने से गेहूं की कटाई मड़ाई जोरों पर हो रहा है। इससे अब क्रय केंद्रों पर किसानों की संख्या दिन ब दिन बढ़ेगी। क्रय केंद्रों पर खरीद की तैयारी पूरी है। बता दें कि जिले में गेहूं खरीद के लिए 72 क्रय केंद्र खोले गए हैं। क्रय केंद्रों पर किसानों से 2125 रुपये प्रति क्विंटल के दर से गेहूं खरीद हो रहा है।