सोनभद्र/करमा। करमा थाना क्षेत्र के झकाहीं के पास रविवार की शाम सड़क पार कर रहे किशोर एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे किशोर प्रियांशु (13) की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। लोढ़ी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान हालत में सुधार न होने पर सोमवार की दोपहर वंशनारायण (25) को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
करमा थाना क्षेत्र के दुगौलिया गांव निवासी तेजबहादुर का पुत्र प्रियांशु रविवार को किसी दोस्त से मिलने के लिए झकाही की तरफ जा रहा था। दोपहर दो बजे के करीब वह झकाही मोड़ पर सड़क पार करने लगा। तभी नौडिहा की तरफ जा रही बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक सवार शाहगंज थाना क्षेत्र के भुड़कुड़ा निवासी वंशनारायण (25), रमेश (55) और महुआंव निवासी बुधिराम (30) भी गंभीर रूप से घायल हुए। बताया गया कि तीनों शादी समारोह के लिए करमा थाना क्षेत्र के नौडीहा जा रहे थे। बाइक बुधिराम चला रहा था। वंशनारायण उर्फ बंबू हलवाई उन्हें लेकर जा रहे थे।
मौके पर पहुंची पीआरवी ने चारों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां प्रियांशु को मृत घोषित कर दिया गया। रमेश के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। वंशनारायण की हालत अत्यधिक गंभीर होते हुए सोमवार की दोपहर बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक सूर्यभान ने बताया कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।