दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के मनबसा गांव में बुधवार की शाम घर के बड़ेर में दुपट्टे के सहारे लगे फंदे से किशोर का शव लटकते हुए मिला। किशोर का शव फंदे से लटकते देख परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना किशोर की मां ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर एक पखवाड़े से अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा था।
दुद्धी कोतवाली के एसआई इनामुल हक ने बताया कि 16 वर्षीय दयगढ़ सिंह अपनी मां इंद्रमनिया देवी के साथ पखवाड़ा भर से अपने ननिहाल चागा गांव में रह था। इस बीच बुधवार की शाम किशोर की मां इंद्रमनिया देवी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पुत्र दयगढ़ का शव घर के बड़ेर में फंदे से लटका हुआ है। सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ वह मौके पर पहुंचे। एसआई ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है।