दुद्धी। तहसील मुख्यालय के श्रीसंकट मोचन मंदिर चौक पर शनिवार की देर शाम भरत मिलाप के पावन दृश्य ने हर किसी को भावविह्वल कर दिया।
पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच जब प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुधन का मिलन हुआ, तो श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। समूचा वातावरण रामभक्ति में सराबोर हो उठा।
श्रीसंकट मोचन मंदिर परिसर में सजे मंच पर प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुधन और भक्त हनुमान की झांकी देख लोग मुग्ध हो गए। शाम चार बजे रामलीला मैदान से प्रभु श्रीराम का रथ निकला।
जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथ को रोककर आरती उतारी और पूजन किया। रथ जैसे ही संकट मोचन मंदिर पहुंचा, तो जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा। मंच पर हनुमान जी ने भरत को प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की सूचना दी।
इस पर भरत दौड़ते हुए प्रभु के गले लग गए। दोनों भाइयों का मिलन देख श्रद्धालुओं की आंखें छलक पड़ीं। इसके बाद श्रीराम के राज्याभिषेक का मंचन हुआ। इस दौरान सीओ राजेश कुमार राय, कोतवाल स्वतंत्र कुमार सिंह, म्योरपुर थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे और पीएसी के जवान मुस्तैद रहे।
इस मौके पर अविनाश गुप्ता, रामलीला कमेटी के संरक्षक देवनारायण जायसवाल, अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता, दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक चंद्रिका बाबू आढ़ती, गणेश जौहरी आदि मौजूद थे।