पशुपालन विभाग की तरफ से पशुओं में खुरपका-मुंहपका का टीका सिर्फ कागजों में लगाया जा रहा है। असल में गांवों में पशुपालन विभाग की टीम पहुंच ही नहीं रही हैं। सिर्फ कुछ गांवों में पशुओं को टीका लगाकर कोरम पूरा किया जा रहा है।
टीकाकरण अभियान शुरू हुए करीब 10 दिन हो गए, मगर अभी तक जिला मुख्यालय के आस-पास के गांवों में ही टीका नहीं लग सका है। ऐसे में पशुपालकों में नाराजगी देखी जा रही है। सोनांचल में साढ़े पांच लाख से अधिक पशु हैंं।
बरसात से पहले पशुओं में हर साल खुरपका-मुंहपका का टीका लगाया जाता है। शासन के निर्देश पर जिले में 15 जुलाई से खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। पहले चरण में पशुपालन विभाग को 60 हजार टीका भी उपलब्ध हो गया है। बा
वजूद इसके टीकाकरण अभियान कागजों तक सीमित रह गया है। न तो इसका प्रचार प्रसार किया जा रहा है और न ही पशुपालन विभाग की टीम गांवों में पहुंच रही है। यह अभियान सिर्फ कुछ गांवों तक सीमित रह जाता है।
वहीं पशुपालन विभाग के अधिकारियों की मानें तो अब तक 23 हजार से अधिक पशुओं काे टीका लगाया जा चुका है। सजौर के पशुपालक हरिओम मिश्र, बेठिगांव के नागेश्वर, सुंदरम, पॉपी गांव के शिवकुमार, मनोज आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सभी गांवों में पशुओं को टीका लगाए जाने की मांग की है।