कृष्णशिला रेलवे साइडिंग पर अवैध रूप से भंडारित दस लाख मीट्रिक टन कोयले के निस्तारण के लिए डीएम ने समिति गठित कर दी है। स्वामित्व के निर्धारण और कोयले के निस्तारण के लिए एडीएम की अध्यक्षता में गठित समिति निर्णय लेगी।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बासी अरविंद केसरी ने शिकायत पत्र के माध्यम से ग्राम पंचायत एसआरटी बासी से खोखरी के समीप तक अवैध कोल डिपो बनाने की शिकायत की थी। इसकी जांच के लिए 22 जुलाई को टीम मौके पर पहुंची तो एनसीएल के नाम दर्ज 32 बीघा जमीन पर 10 लाख मिलियन टन कोयला भंडारित पाया गया। इसे सीज करते हुए शक्तिनगर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया था।
इस मामले में डीएम ने रिपोर्ट शासन को भेजी थी। शासन के ऊर्जा अनुुभाग-3 के निर्देशानुसार डीएम ने कृष्णशिला रेलवे साइडिंग पर भंडारित कोयले के स्वामित्व के संबंध में प्राप्त दावों के निस्तारण के समिति गठित की है। एडीएम वित्त सहदेव मिश्र की अध्यक्षता में गठित समिति में एसडीएम दुद्धी, सीओ पिपरी, ज्येष्ठ खान अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, मंडल यातायात प्रबंधक चोपन अभिषेक विशाल, बीना परियोजना के महाप्रबंधक एम अरविंद कुमार को सदस्य नामित किया गया है। समिति सभी दावों की जांच के बाद निस्तारण रिपोर्ट डीएम के समक्ष प्रस्तुत करेगी।