प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष योगेश पांडेय के नेतृत्व में शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री एवं बेसिक शिक्षामंत्री को प्रेषित किया।
शिक्षकों का कहना है कि परिषदीय विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति व डिजिटलाइजेशन किए जाने के लिए निर्देशित किया गया है, जबकि इस व्यवस्था को संचालित किए जाने के लिए समुचित संसाधन नहीं उपलब्ध कराया गया। शिक्षकों का कहना है कि राज्य कर्मचारियों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा प्राप्त है। ईएल की व्यवस्था प्राप्त है, ऑफ डे सीएल भी प्राप्त है, मगर बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों के उत्पीड़न के नाम पर उत्तर प्रदेश कर्मचारी सेवक आचरण नियमावली लागू कर दी गई है। शिक्षकों ने राज्य कर्मचारियों की भांति चिकित्सा व अन्य सुविधाएं प्रदान करने की मांग की। माध्यमिक विद्यालयों व महाविद्यालयों की तरह परिषदीय विद्यालयों में भी लिपिक की नियुक्ति करने और शिक्षकों को चुनाव लड़ने का अधिकार देने की भी आवाज उठाई। इस दौरान रवि भूषण सिंह, यूटा अध्यक्ष शिवम अग्रवाल, अभिषेक मिश्रा, अमित चौबे, जयप्रकाश राय, रवींद्र नाथ चौधरी, कुंजलता तिवारी, रश्मि द्विवेदी, रीना, मंजूलता आदि रहे।