टैंकरों से पेयजल आपूर्ति न किए जाने से नाराज राबर्ट्सगंज ब्लाक के गोरारी गांव में रविवार को ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
उन्होंने जल्द पानी की आपूर्ति न किए जाने पर कलेक्ट्रेट का घेराव करने की चेतावनी दी। दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पंचायत पेटराही के राजस्व गोरारी गांव में प्रधान पति पंकज पांडेय की अगुवाई में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इस दौरान पंकज पांडेय ने कहा कि बढ़ौली-कुसाही पेयजल परियोजना से पानी सप्लाई के लिए गांव में पाइप लाइन बिछाई गई है। लेकिन कभी भी पानी की आपूर्ति नहीं होती। गांव में लगे हैंडपंपों ने जवाब देना शुरू कर दिया है। इससे ग्रामीणों के सामने पेयजल का संकट उत्पन्न हो गया
है। इसकी लिखित सूचना प्रशासनिक अधिकारियाें दी जा चुकी है। इसके बावजूद जल निगम की ओर से टैंकरों से पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। पेयजलापूर्ति के लिए ग्रामीणों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि तत्काल टैंकरों से गांव में पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई तो मुख्यालय पर धरना, प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में दिलीप, अनुराग, अनिल, जितेंद्र, लालमनी, कांता, सुनीता, बसंती, करिश्मा आदि रहे।