रॉबर्ट्सगंज आदर्श इंटर कालेज में पोस्टर प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी। स्रोत संस्थान
सोनभद्र। शहीदे आजम भगत सिंह जन चेतना संस्थान की ओर से आदर्श इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में छात्र-छात्राओं के लिए सामान्य ज्ञान एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 65 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के तहत बालकों के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता और बालिकाओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के साथ चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
परीक्षा प्रभारी राजाराम दुबे ने बताया कि संस्थान की ओर से प्रत्येक वर्ष स्वर्ण जयंती चौक पर शहीद भगत सिंह, शहीद सुखदेव और शहीद राजगुरु का बलिदान दिवस मनाया जाता है।
इसी क्रम में 23 मार्च को शाम 5 बजे शहीदों को नमन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 551 दीप जलाकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिका के हाथों प्रथम दीप प्रज्ज्वलित कराया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया।