घोरावल। प्रदेश सरकार की ओर से कांवड़ यात्रा की सशर्त अनुमति के बाद प्रशासनिक कवायद शुरू हो गई है, लेकिन अभी तक कांवड़ यात्रा शुरू किए जाने के संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है। बुधवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने शिवद्वार मंदिर परिसर में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की।
एएसपी विनोद कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों से कांवड़ यात्रा व श्रावण मेला की परंपरा के बारे में जानकारी ली। कांवड़ यात्रा के विभिन्न रूट, कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की भीड़ और उनकी संख्या, प्रवेश व निकासी द्वार आदि की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अभी शासन से इस संबंध में कोई आदेश नहीं आया है। दो-तीन दिन में मंदिर खुलने पर कांवड़ यात्रा की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम जैनेंद्र सिंह, सीओ शंकर प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, मुख्य पुजारी सुरेश गिरी, रमाकांत दुबे, शिवराज गिरी, अजय गिरी, शैलेंद्र गिरी, नंदकुमार दुबे इत्यादि रहे।