राबर्ट्सगंज सीएमओ कार्यालय से संचारी रोग जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते सीडीओ सौरभ
- फोटो : SONBHADRA
सीडीओ सौरभ गंगवार ने शनिवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में हरी झंडी दिखाकर संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। रैली के माध्यम से नगर में लोगों को संचारी रोग और अन्य संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। रैली में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, नगर पालिका परिषद सहित अन्य विभाग के कर्मचारी व अधिकारी शामिल रहे।
सीडीओ ने जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संचारी रोग के साथ ही डेंगू, मलेरिया व अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। इसमें किसी तरह की शिथिलता बरती गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसीएमओ डॉ. आरजी यादव ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। दस्तक अभियान 21 तक चलेगा।
जिला मलेरिया अधिकारी धर्मेंद्र नारायण श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अलावा, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, पशुपालन व कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के सहयोग से यह अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर वीबीडी कंसलटेंट व मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के समस्त स्टाफ, जिला सर्विलांस अधिकारी, सहायक मलेरिया अधिकारी, अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव मौजूद रहे।