हनुमान महोत्सव के लिए निकले जुलूस में सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ा तो बृहस्पतिवार शाम व्यवस्था छोटी पड़ गई। कुल 11 खंडों से निकली झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों को देखने के सड़कों के किनारे भी लोगों की कतारें लगी रही। झांकियों के पीडब्ल्यूडी मोड़ पहुंचने पर पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। यहां झांकियों का मिलान हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं का हुजूम ज्वालामुखी मंदिर की तरफ बढ़ा तो भगवा रंग में पूरी सड़क रंग गई। झांकियों का नेतृत्व हनुमान महोत्सव के लिए बनाई गई कमेटी के पदाधिकारियों ने किया। छोटे बड़े वाहनों को रोक दिया गया। आयोजन समिति के संरक्षक हेमंत मिश्रा ने बताया कि कुल 11 खंडों से भक्त अलग टोलियों में गाजेबाजे के साथ निकले। बांसी, बीना, कोहरौलिया, खड़िया बाजार, परसवार राजा की झांकियां खड़िया बाजार में एक हुई। इसी प्रकार चिल्काडांड़, चिल्काडांड़ बस्ती, अंबेडकर नगर, बस स्टैंड, शिवाजी नगर एवं विद्युत विहार निकले श्रद्धालु जुलूस एवं शोभायात्रा में सम्मिलित हो पीडब्ल्यूडी मोड़ चौराहे पर एक हुए। यहां से जुलूस ज्वालामुखी मंदिर आरती ग्राउंड पहुंचा। हनुमान जी की महाआरती एवं प्रसाद वितरण के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान एसओ कमल नयन दुबे के नेतृत्व में भारी फोर्स तैनात रही। जुलूस के मद्देनजर मुख्य मार्गों पर कोयला एवं राख का परिवहन अस्थायी रूप से बंद रखा गया। इस मौके पर हनुमान महोत्सव समिति के प्रधान संयोजक अनिल सिंह गौतम, केंद्रीय समिति के सर्व व्यवस्था प्रमुख प्रशांत श्रीवास्तव, निधि प्रमुख अमरेश पांडेय, संयोजक सनी शरण, मोहन गुप्ता, सुनील सिंह पटेल, दुर्गा प्रसाद शास्त्री, पंकज चौबे, रविंद्र यादव, रणजीत सिंह आदि मौजूद रहे।