म्योरपुर (सोनभद्र)। नई दिल्ली से हटिया जा रही स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण सलईबनवा और गुरमुरा रेलवे स्टेशनों के बीच जंगल क्षेत्र में दो घंटे पांच मिनट तक खड़ी रही। बीच जंगल में ट्रेन रुकने से यात्रियों को भीषण उमस और गर्मी के बीच काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस सुबह करीब 10 बजे चोपन स्टेशन से रेणुकूट के लिए रवाना हुई थी। सलईबनवा और गुरमुरा के बीच पहुंचते ही इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। सुरक्षा के मद्देनजर लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद भी इंजन की खराबी दूर नहीं हो सकी। इसके बाद वैकल्पिक इंजन मंगाकर ट्रेन में जोड़ा गया। आवश्यक तकनीकी परीक्षण के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे के लिए रवाना किया गया। करीब दो घंटे तक जंगल में ट्रेन खड़ी रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिला यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। कई यात्री ट्रेन रुकने का कारण जानने के लिए रेलवे कर्मचारियों से जानकारी लेते रहे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इंजन की तकनीकी खराबी के कारण दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन का संचालन शुरू कराया गया। इस वजह से स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस निर्धारित समय से काफी विलंबित हो गई, जिससे आगे के स्टेशनों पर उतरने वाले और अन्य ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी असुविधा हुई।