चोपन। जरगाखाड़ी में शनिवार को एक व्यक्ति की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। उसका शव नाले में पाया गया। शरीर पर कई जगह जलने के निशान थे। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। रविवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोटा ग्राम पंचायत के जरगाखाड़ी गांव निवासी मोती चंद शुक्रवार की सुबह घर से दवा लेने जाने की बात कह डाला के लिए निकला था। इसके बाद से उसका कहीं पता नहीं था। शनिवार की देर शाम घर से तीन सौ मीटर दूर नाले में एक शव देखा गया। उसकी शिनाख्त मोतीचंद के रूप में हुई। शरीर पर कई जगह जलने के निशान थे। पिता शिवनाथ ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव को कब्जे में ले लिया। हलका दरोगा राजनारायण यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया बिजली से झुलसने के कारण मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।