चुर्क। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिल्थरी के चुंदरिया खोह पहाड़ से रविवार को संदिग्ध हाल में गिरने से परसौना कला निवासी चंद्रशेखर प्रजापति (25) की मौत हो गई। पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
चंद्रशेखर प्रजापति रविवार की सुबह करीब पांच बजे भाई के साले के साथ गांव से सटे पहाड़ी पर घूमने के लिए गया था। इसी दौरान वह पहाड़ी से गिर पड़ा। घटना में चंद्रशेखर के सिर समेत शरीर के अन्य जगहों पर गंभीर चोटें आईं जिससे उसकी मौत हो गई। उधर घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर बाद चुर्क चौकी इंचार्ज दिग्विजय सिंह मौके भी पहुंच कर शव का पंचनामा करते हुए पीएम के लिए अस्पताल ले गए। पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पूर्व चंद्रशेखर प्रजापति महाराष्ट्र से काम करके घर आया था। उसकी तबीयत खराब चल रही थी। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता दुखंती ने बताया कि महाराष्ट्र में टोल प्लाजा पर चंद्रशेखर काम करता था। वहीं पर उसकी तबीयत खराब हो गई थी। चौकी इंचार्ज दिग्विजय सिंह ने बताया कि पूछताछ में प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का मानकर छानबीन की जा रही है। युवक ने पहाड़ी से छलांग लगाकर आत्महत्या क्यों की । इस बारे में पता लगाया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया है।