शक्तिनगर क्षेत्र के अंबेडकर नगर में टूट कर लटका बिजली पोल
- फोटो : SONBHADRA
शक्तिनगर। अंबेडकर नगर पुर्नवास क्षेत्र में सप्ताह भर पहले टूटे बिजली पोल के सहारे झूल रहे बिजली तारों में करंट दौड़ने से खतरा बढ़ गया है। इस मामले में स्थानीय अफसरों की उदासीनता के बाद ट्वीट कर शिकायत की गई। संज्ञान लेते हुए आला अधिकारियों ने संबंधितों को ठीक कराने का निर्देश दिया लेकिन बात रत्ती भर भी आगे नहीं बढ़ी। इसके चलते लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
अंबेडकर नगर के सेक्टर एक में बिजली का खंभा टूट कर तार सहित लटक गया। वहीं टूटे खंभे के पास दर्जनों तार हवा में ईट बांधकर लटकाए गए हैं। किसी समय कोई अप्रिय घटना घट सकती है परंतु बिजली विभाग के जिम्मेदार मौन हैं। शिकायत के बाद आला अधिकारियों ने ठीक कराने का आश्वासन दिया लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई कारवाई नहीं हो सकी। पिछले सप्ताह एसडीओ का दौरा अंबेडकर नगर में हुआ था परंतु मोबाइल टावर की जांच के बाद लौट गए। तत्पश्चात बड़े स्तर पर अवैध कनेक्शन काटने का अभियान चलाया गया था लेकिन कर्मचारियों की नजर टूटे पोल व लटके तारों पर नहीं पड़ी। इस मामले में यूपीपीसीएल के क्षेत्रीय जेई राजीव वर्मा से बात की गई तो उन्होंने फोन क्षेत्र के लाइन मैन को पकड़ा दिया। लाइन मैन ने कहा कि जल्द ही पोल बदलने का कार्य किया जाएगा।