कर्मा ब्लॉक के यमसोकर गांव में बढ़ा बेलन नदी का जलस्तर, संवाद
विकास खंड करमा क्षेत्र के बेलन नदी के तटवर्ती गांवों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने से ग्रामीण सहमे हुए हैं। पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के साथ कर्मनाशा कट नहर समेत अन्य नहरों से पानी आने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।
जलस्तर बढ़ने से प्रधानमंत्री ग्रामीण संपर्क मार्ग पर यमसोकर और कसया के बीच बना पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। यह मार्ग घोरावल को रॉबर्ट्सगंज और रॉबर्ट्सगंज को मिर्जापुर से जोड़ता है।
करीब नौ किलोमीटर लंबे मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बेलन नदी का पानी आसपास के कई गांवों तक पहुंच गया है।
इनमें कसया कला, देवरा, वसदेवा, एमसोकर, कसया खुर्द, भगवंतपुर और कमरिया समेत अन्य गांव शामिल हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण बचाव के उपायों में जुटे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, फिलहाल नदी का जलस्तर स्थिर है। विकास मेहता, सुमन मिश्रा, रोहित और मृत्युंजय ने बताया कि बाढ़ के कारण स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। नदी का जलस्तर दोबारा बढ़ा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।