बभनी। लगातार अघोषित कटौती से सोमवार की रात खासी संख्या में बड़होर गांव के ग्रामीणों ने सब स्टेशन में तोड़फोड़ कर हंगामा किया। वहां तैनात एसएसओ के साथ हाथापाई भी की और कर्मचारी का मोबाइल तोड़ दिया। बवाल करने के बाद ग्रामीण वहां से चले गए। मामले की सूचना पर अवर अभियंता ने थाने मे तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गुस्साए ग्रामीणों ने बताया कि बभनी में आये दिन बिजली की समस्या बनी रहती है। जब बिजली के बारे में पूछा जाता है तो एक ही जबाब मिलता है कि मेन लाइन में खराबी है। ऐसे में उनका सब्र का बांध टूट गया। एसएसओ सुदीप और अरविंद कुमार ने बताया कि अचानक दर्जनों की संख्या में ग्रामीण सब स्टेशन पर आ गए और गाली गलौज करते हुए हाथापाई करने लगे। साथ ही सब स्टेशन में रखे सामानों को तोड़फोड़ दिया। तैनात कर्मचारियों ने बताया कि उचाधिकारियों को अवगत कराया गया है। विभाग द्वारा ठोस कदम नही उठाया गया तो बुधवार को काम को बंद करते हुए परिसर में हड़ताल करेंगे। कर्मियों का आरोप है कि मामले की सूचना सौ नम्बर पुलिस को दिया, लेकिन पुलिस की टीम वहां नहीं पहुंची। उधर विद्युत निगम के अवर अभियंता बिहारी लाल ने बताया कि जिस समय ग्रामीण पहुचे पिपरी से लाइन बंद थी। बाद मे कर्मचारियों से गाली गलौज व मारपीट किया गया। पुलिस ने रात्रि में मामले को गंभीरता से नही लिया। यदि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करती है तो आगे उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर उचित निर्णय लिया जाएगा।