सोनभद्र। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय रौंप में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया तेज हो गई है। अब तक 20 छात्रों का नामांकन हो चुका है। दाखिला लेने वालों में दिल्ली, कोटा, जयपुर, गोरखपुर सहित अन्य स्थानों के छात्र-छात्राएं हैं। ऐसे में आदिवासी बहुल सोनभद्र में वर्षो के इंतजार के बाद एमबीबीएस की पढ़ाई होने जा रही है। दीपावली बाद कक्षा संचालन की उम्मीद है।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए शासन की ओर से चार वर्ष पूर्व सोनभद्र को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी गई। इसके बाद करोड़ों की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू हुआ। राबर्ट्सगंज नगर से करीब सात किमी दूर चुर्क में पुलिस लाइन के पास एकेडमिक भवन का निर्माण कराया गया। ओपीडी समेत 200 बेड का अस्पताल जिला अस्पताल लोढ़ी से लगी भूमि पर शुरू किया गया। जबकि पूर्व में बने दो सौ बेड के एमसीएच विंग को इसमें शामिल किया गया। इसके बाद कई उतार-चढ़ाव के बीच तीन अक्तूबर 2024 को एनएमसी की ओर से शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में एमबीबीएस विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए 100 सीटों के लिए अनुमति दी गई। काउंसिलिंग के बाद अब मेडिकल कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया तेज हो गई है। आंकड़ों पर गौर करें तो ऑल इंडिया कोटे सहित अन्य से अब तक करीब 20 छात्रों ने प्रवेश ले लिया है। इस बीच राज्य कोटे की सूची भी जारी हो गई है। ऐसे में सोमवार से काफी संख्या में शेष बचे छात्रों के दाखिले के लिए पहुंचने की उम्मीद है। बताते चलें कि स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में दीपावली बाद से शिक्षण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दाखिला लेने वाले विद्यार्थी कैंपस में पहुंच चुके हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और व्यवस्थाएं मुहैया कराने पर जोर दिया जा रहा है।- प्रो.एसके सिंह, प्राचार्य-स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय।