राबर्ट्सगंज में स्थित राजा शारदा महेश इंटर कालेज में पानी की व्यवस्था न होने से नाराज छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को कालेज परिसर में प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन से पानी की व्यवस्था की मांग की। चेताया कि यदि व्यवस्था नहीं हुई तो वे सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे।
आरएसएम इंटर कालेज परिसर में तीन हैंडपंप लगे हैं, लेकिन तीनों बेकार पड़े हैं। मई की इस तपती दोपहरी में जब छात्र-छात्राओं को पीने के लिए पानी की जरूरत पड़ रही है तो उन्हें कालेज परिसर के बाहर जाना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से छात्र-छात्राएं कालेज प्रशासन से पानी की व्यवस्था कराने की मांग कर रहे थे।
लेकिन कोई इंतजाम न होने पर शुक्रवार को वे भड़क गए। बच्चों ने कालेज परिसर में पानी की मांग को लेकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि कालेज प्रशासन और जिला प्रशासन बच्चों को पानी देने में सक्षम नहीं है। ऐसे में या तो कालेज बंद कर दिया जाए या फिर बच्चों के लिए पानी की व्यवस्था की जाए। प्रदर्शन करने वालों में प्रताप पांडेय, ज्ञान जी शर्मा, मोनी पांडेय, अनामिका, राज केशरी, दीपक केशरी, विजय कुमार, नेहा, आरती, नैना, मुस्कान, श्रुती, मोहम्मद हसन आदि शामिल रहे।