राजकीय डिग्री कालेज ओबरा में प्रवेश में अधिभार हटाने की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों के अधिभार हटाओ मंच ने सोमवार को सदर तहसील पर प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि महाविद्यालय में अनैतिक रूप से चल रहे धरने से अराजकता का माहौल फैल रहा है। ज्ञापन के जरिए जल्द धरना समाप्त कराकर महाविद्यालय परिसर में शांति व्यवस्था कायम करने की मांग उठाई गई।
यहां हुई सभा को संबोधित करते हुए मंच के संयोजक आशीष चौबे एवं अध्यक्ष शिवनारायण सिंह अंबुज ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा के सामने अधिकार की मांग को लेकर गलत तरीके से धरना चलाया जा रहा है। इससे जिले में छात्रों के दो गुटों में संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं में अराजकता का माहौल है। छात्र-छात्राएं पूरी तरह से भयभीत हैं। ऐसे में अविलंब जिला प्रशासन को धरने को समाप्त करना चाहिए और धरने पर बैठे लोगों पर शांतिभंग का मुकदमा दर्ज कर धरने को समाप्त कराया जाए। यदि समय रहते धरने को समाप्त न कराया गया तो जिले में छात्रों में हिंसक झड़प होने की आशंका है।
मंच के महासचिव टोनी पांडेय और शिवसेना के जिला प्रमुख नीतिश चतुर्वेदी का कहना है कि महाविद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है। लेकिन कुछ दिनों से व्यक्तिगत स्वार्थ में नेता कालेज का माहौल खराब कर रहे हैं। वर्तमान समय में कालेज में छात्रों की परीक्षा चल रही है। कतिपय छात्रों के धरने पर बैठने से परीक्षार्थियों को परेशानी हो रही है। युवक मंगल दल के जिला उपाध्यक्ष रजनीश कुमार पांडेय ने कहा कि जिले के छात्रों के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भेदभाव किया जाना असंवैधानिक है। प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर पीयूष सिंह, दीपक कन्नौजिया, कपिल जायसवाल, शुभम प्रकाश मिश्रा, अमित पांडेय, आनंद चौबे, शिव कुमार पांडेय, अनुज, उत्कर्ष, गोलू, राधे, अनुज श्रीवास्तव, विपुल, सोनू राय, शशि, अजय सिंह आदि मौजूद रहे।