सोनभद्र। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में संचालित राजकीय जिला पुस्तकालय में तनाव प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं को तनावमुक्त रहने और एकाग्रता लाने के गुर बताए गए।
स्वशासी मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. ऋचा पांडेय ने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेंगे तो तनाव से दूर रहेंगे। लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करें। मन को शांत और एकाग्र रखें। दूसरों से तुलना करने की बजाय खुद पर भरोसा करें। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नशाखोरी की बड़ी समस्या है। इसके चलते भी बड़ी संख्या में लोग मानसिक रोगों के शिकार हो रहे हैं। अंधविश्वास के प्रति लोगों की धारणा बदलने की जरूरत है। किसी तरह की कोई दिक्कत आए तो डॉक्टरों से मिलकर उपचार कराएं, न कि झाड़-फूंक की कोशिश में पड़ें। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जितेश कुमार गुप्ता ने भी तनाव मुक्त रहने के उपाय बताए। मोबाइल फोन पर ज्यादा न देने और नियमित रूप से कुछ देर तक ध्यान लगाने को प्रेरित किया। कार्यक्रम में राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार, प्राध्यापक डॉ. गिरीश, लक्ष्मी नारायण आदि मौजूद रहे। पुस्तकालय प्रभारी संजीव मिश्र ने आभार जताया।