भ्रमण: काशीविद्यापीठ पहुंची सोनभद्र पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्राएं और शिक्षिका
सोनभद्र। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज की छात्राओं को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। प्रधानाचार्य निशा सिंह ने छात्राओं के दल को हरी झंडी दिखाकर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के लिए रवाना किया। भ्रमण में कक्षा छह से 12 तक की कुल 1326 छात्राएं शामिल होंगी। इसके तहत बुधवार को करीब 650 छात्राओं का पहला दल रवाना हुआ, जबकि दूसरा दल बृहस्पतिवार को जाएगा। अध्ययन यात्रा प्रभारी वंदना सिंह ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षण संस्थानों के शैक्षणिक माहौल और शिक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराना है। इसके जरिए उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने, कॅरिअर का सही चयन करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। अध्ययन यात्रा की सह प्रभारी निशा सिंह और विद्यालय की शिक्षिकाओं ने आयोजन में सहयोग किया।