रॉबर्ट्सगंज कचहरी में बैठक करते डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के पदाधिकारी। स्रोत स्वयं
- फोटो : Archive
सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र की बैठक सोमवार को तहसील परिसर स्थित अधिवक्ता भवन में हुई। उपाध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया। वक्ताओं ने अधिवक्ताओं पर बढ़ते हमले और उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रभावी अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम (एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट) बनाने की मांग की। पूर्व उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। वे शोषित, पीड़ित और वंचित लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करते हैं। ऐसे में उन पर हमले, धमकी और उत्पीड़न की घटनाएं चिंताजनक हैं। सरकार को अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को निर्भीक होकर कार्य करने के लिए प्रभावी और व्यापक संरक्षण कानून बनाना समय की मांग है। वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव ने कहा कि अधिवक्ता संविधान, न्याय और विधि के शासन की रक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं। यदि अधिवक्ता ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो न्यायिक व्यवस्था भी प्रभावित होगी।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से अधिवक्ता संरक्षण कानून लागू करने के लिए ठोस पहल करने की मांग की। साथ ही अधिवक्ताओं के विरुद्ध हिंसा की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई और दोषियों को दंडित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक का संचालन मृगराज सिंह ने किया। इस दौरान सुरेश सिंह कुशवाहा, रमेश चंद्र सिंह, बीपी सिंह, चंद्र प्रकाश सिंह, विजय शंकर सिंह, दशरथ यादव, संतोष पांडेय, मनीष कुमार पटेल, शाहनवाज आलम खान, टीटू गुप्ता और आदर्श देव पांडेय सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।