कोन क्षेत्र में सडक हादसे में मृतका- किरन(फाइल फोटो)स्रोत परिजन
कोन। थानाक्षेत्र के कचनरवा बाजार में असना बांध गैस गोदाम के पास सड़क हादसे में इंटर की छात्रा किरन कुमारी (21) की मौत हो गई। पिता के साथ बाजार से खरीदारी कर लौटते समय बाइक से टकराकर वह सड़क पर गिर गई। आरोप है कि बाइक सवार उसे कुचलते हुए फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कचनरवा ग्राम पंचायत के टोला बेसाहुखाड़ी निवासी भुनेश्वर उरांव की बेटी किरन इंटर में पढ़ती थी। सोमवार की शाम वह अपने पिता के साथ कचनरवा बाजार से सामान लेकर पैदल घर लौट रही थी। असना बांध गैस गोदाम के पास विपरीत दिशा से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल कोन सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया। किरन छह बहनों में तीसरे नंबर पर थी। दो बहनों की शादी हो चुकी है। वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई करने के साथ पिता के खेती-किसानी के काम में भी हाथ बंटाती थी। किरन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद प्रधान प्रतिनिधि राजनारायण भारती मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में किरन की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
कोन क्षेत्र में सडक हादसे में मृतका- किरन(फाइल फोटो)स्रोत परिजन