शक्तिनगर। सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में सोमवार दोपहर डेढ़ बजे एक शासकीय स्कूल के खेल मैदान में बिजली गिरने से एक छात्र की मौत हो गई। दो छात्र झुलस गए। सूचना पर एसडीएम व तहसीलदार ने अस्पताल पहुंच परिजनों से बातचीत की। घटना चितरंगी तहसील के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खटाई के खेल मैदान में हुई।
सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मध्यावकाश के वक्त छात्र खेल मैदान में खेल रहे थे। अचानक मौसम बिगड़ा और चमक गरज के बीच बिजली गिर गई। चपेट में आने से 11वीं के छात्र नमन गुप्ता (16) की घटनास्थल पर मौत हो गई। कक्षा नौवीं की छात्रा अफरीदी (14) और छात्र राजेश साहू (14) झुलस गए। झुलसे छात्र व छात्रा को सीएचसी चितरंगी में भर्ती कराया गया। एसडीएम सुरेश जाधव एवं तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी ली। जरूरत पर बड़े अस्पताल रेफर करने का निर्देश दिया।
दो भाइयों में छोटा था नमन
शक्तिनगर। नमन दो भाइयों में छोटा था। नमन के पिता का निधन कुछ साल पहले हो गया था। मां एवं बड़े भाई परवरिश कर रहे थे। दोनों भाई खटाई कस्बे में चाट व गोलगप्पे का ठेला लगाते थे और पढ़ाई भी करते थे। नमन का बड़ा भाई प्रांजल आईटीआई में अध्ययनरत हैं। इस घटना के बाद प्रांजल व उनकी मां बदहवास हैं।
बिजली गिरने से वृद्ध की मौत
वैनी। मांची थाना क्षेत्र के कजियारी गांव में सोमवार को बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत हो गई। बचऊ (70) सोमवार को भैंस चराने के लिए गांव के बाहर गए हुए थे। दोपहर के समय हो रही बारिश के दौरान गिरी बिजली ने उन्हें चपेट में ले लिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।