लोकसभा चुनाव के लिए नियुक्त नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक बुधवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। सभी को अपने दायित्वों के प्रति सचेत करते हुए समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिस अधिकारी को जो भी दायित्व निर्धारित किया गया है, वह उसका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो। मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार करें। अगर कोई कमी है तो उसे संबंधित के माध्यम से पूरा करा लिया जाय। आदर्श आचार संहिता लगते ही समय से बैनर, पोस्टर, हटाए जाएं।आदर्श आचार संहिता के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफार्माें की विशेष निगरानी की जाय। अगर गलत या भ्रामक खबरें प्रसारित होती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई करें। सोशल मीडिया की निगरानी के लिए सीडीओ सौरभ गंगवार को नोडल अधिकारी नामित किया गया। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अनिल गुप्ता सहायक नोडल नियुक्त किए गए। डीएम ने स्वीप अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान जिले में प्रभावी ढंग से चलाने को कहा। बैठक में एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, डीडीओ शेषनाथ चौहान, सीएमओ डाॅ. अश्वनी कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल आदि मौजूद रहे।