चुर्क। जन्माष्टमी और चेहल्लुम का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रविवार को एसपी अशोक कुमार मीणा ने चुर्क स्थित पुलिस लाइन के प्रशासनिक भवन में समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की हिदायत दी।
एसपी ने निर्देश दिया कि थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक कर सभी वर्गों के धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित करें और अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिसकर्मी लगातार गश्त पर रहें। साथ में बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट और दंगा नियंत्रण उपकरण जरूर रखें। यूपी-112 पर मिली सूचना पर पीआरवी तत्काल मौके पर पहुंचे और समय से निस्तारण करें। सभी पुलिस वाहनों पर लाउड हेलर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम सक्रिय रखते हुए शांति और सौहार्द की अपील की जाए। अपराध नियंत्रण के लिए एसपी ने महिला अपराध, हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरी और मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई के निर्देश दिए। अवैध शराब, ओवरलोड वाहन और सनसनीखेज अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा। ऑपरेशन दृष्टि के तहत अधिक से अधिक सीसीटीवी लगाने, रात्रि गश्त, हाइवे और बाजारों में प्रभावी चेकिंग के भी निर्देश दिए।
सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट की सूचना मिलते ही उसका तत्काल खंडन किया जाए। बैठक में एएसपी अनिल कुमार, सीओ डॉ. चारू द्विवेदी, रणधीर मिश्र, हर्ष पांडेय, राजेश राय, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।