सोनभद्र। डीएम चंद्र विजय सिंह ने शनिवार को रौंप में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। कॉलेज परिसर में सड़क निर्माण, भवन निर्माण और विभिन्न संकायों के भवन निर्माण की प्रगति देखी। कार्य की गति काफी धीमी पाई गई। नीलामी के बाद भी बोल्डर-गिट्टी न हटाए जाने से कार्य में बाधा आने पर ज्येष्ठ खान अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। डीएम ने कार्यदाई संस्था के अफसरों से दो टूक कहा कि बहानेबाजी बंद करें। तीव्रता से कार्य कराते हुए समय से पूरा करें। लापरवाही पर शासन को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जाएगा।
दोपहर में अचानक कार्यस्थल पर पहुंचे डीएम ने कार्यदाई संस्था के अफसरों को साथ लेकर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और बिंदुवार जानकारी ली। यह तथ्य संज्ञान में आया कि मेडिकल कॉलेज की सड़क व भवन के निर्माण कार्य की प्रगति धीमी है। ठेकेदार ने मानक से काफी कम संख्या में मिस्त्री, लेबर, बढ़ई आदि को लगाया है। इससे कॉलेज के निर्माण कार्य की प्रगति धीमी है। डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया कि कॉलेज का निर्माण कार्य शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाना है। इसमें शिथिलता व लापरवाही बरतने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण में निर्धारित मानक के अनुरूप लेबर, मिस्त्री आदि को लगाएं।
निर्देशित किया कि कॉलेज के निर्माण में तेजी से कार्य करने के बजाय मजदूर कम होने का बहानेबाजी न करें। ऐसा करने पर शासन स्तर पर पत्राचार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधितों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के एकेडमी, ट्रेनिंग हाल, मेडिसिन लैब, इलेक्ट्रीक कक्ष, बायो केमेस्ट्री लैब, लेक्चर थियेटर, गर्ल्स हॉस्टल, शौचालय आदि कार्य 15 दिनों में पूर्ण कर लिया जाएगा। डीएम ने 15 दिनों के बाद दोबारा निरीक्षण कर जायजा लेने को कहा और कार्य पूर्ण न होने पर एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी भी दी।