महुली सहकारी समिति में खाद लेने के लिए जुटे किसान।
- फोटो : संवाद
महुली। दुद्धी विकास खंड के महुली स्थित दीर्घाकार बहुद्देशीय सहकारी समिति में मंगलवार को सैकड़ों किसान कतार में घंटों खड़े रहे लेकिन उन्हें खाद नहीं मिली। जिला मुख्यालय से मैसेज नहीं मिलने के कारण यूरिया बांटी ही नहीं गई। इससे किसानों और कर्मचारियों में नोकझोंक हुई। अंत में किसानों को मायूस लौटना पड़ा।
किसानों ने बताया कि समिति कर्मियों ने मंगलवार को यूरिया उर्वरक वितरण करने की बात कही थी। सूचना पाकर क्षेत्र के फुलवार, हीराचक, पोलवा, पतरिहा, जोरुखाड़, डूमरा आदि गांवों के सैकड़ों किसान सुबह पांच बजे से ही समिति पर आकर लाइन में लगना शुरू हो गए थे। इस बीच 10 बजे बताया गया कि मैसेज नहीं मिला, इसलिए खाद वितरण नहीं किया जाएगा। इससे किसान आक्रोशित हो गए और समिति कर्मियों से नोकझोंक हुई। दसई यादव, शारदा प्रसाद, दिनेश यादव, दीनानाथ, श्याम नारायण मौर्य, सुरेश गुप्ता, इंद्रदेव, उपेंद्र गुप्ता ने कहा कि समिति में आने वाली खाद की मात्रा ऊंट के मुंह में जीरा जैसी है।
सीमित खाद और अधिक किसानों के वजह से समिति पर हर बार खाद के लिए खींचतान मच जाती है। किसानों ने सरकार से समितियों में खाद आवंटन की मात्रा बढ़ाने की मांग की। इस बाबत समिति के सचिव सूर्य प्रकाश कन्नौजिया ने बताया कि 250 बोरी यूरिया वितरण के लिए मिली है। जिला मुख्यालय से मैसेज आने के बाद ही खाद का वितरण किया जाएगा।