सोनभद्र। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शनिवार को विकास भवन में सीडीओ जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सड़क हादसे रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर चर्चा हुई। कोहरे के मद्देनजर सभी ई-रिक्शा व ट्रैक्टर ट्राली पर अभियान चलाकर रेडियम टेप लगाने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने कहा कि कोहरे में दृश्यता कम होने के कारण ई-रिक्शा नजर नहीं आते। लिहाजा उन पर स्टीकर व रेडियम टेप लगाया जाय, जिससे दूर से ही उन पर नजर पड़ सके। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित ट्रैक्टर ट्राली व अन्य माल वाहनों पर भी स्टीकर लगाया। सभी तीव्र मोड़ और दुर्घटना बहुल क्षेत्रों में इससे संबंधित बोर्ड लगाए जाएं। यह संकेतक ऐसे स्थान पर हो, जिससे चालक की दूर से ही उस पर नजर पड़ सके। मारकुंडी घाटी में स्ट्रीट लाइट लगाने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य घुमावदार सड़कों पर किनारे सुरक्षा बैरियर लगाने को भी कहा। सीडीओ ने कहा कि सभी विभाग मिलकर सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएं। स्कूलों में अभियान चलाकर बच्चों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाय। बैठक में पीडब्ल्यूडी एक्सईएन शैलेश सिंह ठाकुर, सीओ राहुल पांडेय, एआरटीओ राजेश्वर यादव, डीआईओएस जयराम सिंह, डॉ. सुमन जायसवाल आदि मौजूद रहे।