जुगैल थाना क्षेत्र के जुगैल खास में दस साल के बालक की चाकू से गोदकर हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पति के पास रहने में खलल डालने पर सौतेली मां ने ही उसकी हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
सौतेली मां ने ही बेटे की हत्या की थी। पति के पास सोने में बेटा खलल डालता था। जुगैल खास गांव में दस मई को खाली खेत में एक बालक का शव मिला था। मिट्टी में सने शव की पहचान गांव के ही हीरामणि खरवार के पुत्र कप्तान (10) के रूप में हुई। उसके शरीर पर कई जगह चाकू से गोदे जाने के निशान थे।
घटना के वक्त पिता हीरामणि शादी समारोह में शामिल होने गया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को संकलित करने पर बालक की सौतेली मां सोनमति पर शक की सूई घूम रही थी। उसे हिरासत में लेकर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बयां की।
ओबरा सीओ हर्ष पांडेय ने बताया कि कप्तान की सगी मां नहीं है। पिता हीरामणि ने पिछले वर्ष जुलाई में सोनमती (20) से शादी की थी। पूछताछ में उसने बताया कि जब पति-पत्नी एक साथ सोते थे तो बालक कप्तान अक्सर कमरे में आ जाता था और वहीं लेट जाता था। इससे वह काफी क्षुब्ध रहती थी।
यही क्रोध धीरे-धीरे नासूर हो गया। घटना के दिन जब पति और अन्य परिजन शादी समारोह में व्यस्त थे, तभी मौका पाकर वह बेटे कप्तान को सुनसान स्थान पर ले गई और घर में इस्तेमाल किए जा रहे सब्जी वाले चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। चाकू घटनास्थल पर ही तोड़कर फेंक दिया था।
सीओ ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में जुगैल थाना प्रभारी प्रणय प्रसून, हेड कांस्टेबल श्रवण यादव, दीपक कुमार, महिला कांस्टेबल अनिता शामिल रहीं।